बीकानेर: जेल में मनाया गया भाई दूज का पर्व, बहनों ने जेल पहुंचकर कैदी भाइयों को लगाया तिलक
बीकानेर । भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक भाई दूज का पर्व आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बीकानेर केंद्रीय कारागार में भी भाई दूज की विशेष व्यवस्था की गई, जहां बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर और कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। जेल परिसर में इस दौरान भाई-बहन के प्रेम और भावुक मिलन का माहौल देखने को मिला।
भाई दूज के पावन पर्व पर बहनें अपने भाइयों से मिलने के लिए सेवर जेल पहुंचीं। जेल प्रशासन की ओर से पर्व को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गईं, ताकि बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर त्योहार मना सकें। बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भाइयों का तिलक किया और उनकी सुख-समृद्धि एवं लंबी उम्र की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस दौरान जेल परिसर में भावुक कर देने वाले दृश्य देखने को मिले। अपनों से दूर जेल में बंद भाइयों के लिए यह पर्व खुशियों और अपनों से मिलने का खास अवसर बना। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को भाई दूज मनाई जाती है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि इसी दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत किया था। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों का तिलक करने और उनकी लंबी उम्र की कामना करने की परंपरा चली आ रही है।