बीकानेर। नगर निगम बीकानेर में महापौर पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, परिवारजन और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नामांकन के बाद कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम में पार्टी का बोर्ड बनने का दावा दोहराया।पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड शत-प्रतिशत बनेगा। वहीं कांग्रेस पार्षद नवरतन डांगा द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि डांगा को जल्द ही मना लिया जाएगा और वे कांग्रेस के साथ आएंगे।हालांकि महापौर प्रत्याशी के रूप में अनिल कल्ला के नाम की घोषणा के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष की चर्चाओं ने भी जोर पकड़ लिया है। वार्ड 50 से कांग्रेस पार्षद नवरतन डांगा ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व किसी भी प्रकार के अंदरूनी विरोध से इनकार कर रहा है।परिवारवाद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल कल्ला ने कहा कि वे पिछले 33 वर्षों से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और लंबे समय तक पार्टी के लिए काम करने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उनके समर्पण और कार्य को देखते हुए अवसर दिया है।क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं को भी उन्होंने खारिज किया। अनिल कल्ला ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी पार्षद एक मंच पर खड़े हैं।इस दौरान पूर्व केबिनेट मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने बताया कि निगम में कांग्रेस का मेयर बनना तय है। भाजपा के पास निगम में बहुमत साबित करने का आंकड़ा ही नहीं है, पार्टी में फूट को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई फूट नहीं है सभी कांग्रेस पार्षद पार्टी एकजुट हैं।