बीकानेर: जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना 20 को, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बीकानेर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी। तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन एवं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने मंगलवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में चार चरणों में जिला परिषद के 41 और 15 पंचायत समितियों के 263 सदस्यों के लिए मतदान हुआ था। मतगणना 15 कक्षों में 171 टेबलों पर होगी। प्रत्येक टेबल पर एक गणना पर्यवेक्षक और दो गणना सहायक तैनात रहेंगे। रिजर्व कार्मिकों सहित करीब 600 कार्मिक मतगणना कार्य संभालेंगे। वहीं, सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतगणना कक्षों में प्रकाश, सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मीडिया सेंटर, पार्किंग और बैरिकेडिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्याशियों, एजेंटों और कार्मिकों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था करने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।इस दौरान बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, बीडीए सचिव हेमेंद्र नागर और शिवकुमार पुरोहित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।