बीकानेर: जेल रोड जमीन विवाद, विधायक ने बीडीए आयुक्त को दिया तीन बजे तक का अल्टीमेटम
बीकानेर। जेल रोड स्थित पुरानी जेल के पास निर्माण ध्वस्त करने की बीडीए की कार्रवाई के बाद ब्राह्मण स्वर्णकार समाज में आक्रोश गहरा गया है। कार्रवाई के विरोध में सोमवार को समाज के लोगों ने रैली निकालकर बीडीए कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने विधायक जेठानंद व्यास, कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला, पार्षद मनोज विश्नोई और स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुड़े से मुलाकात की। इस दौरान जमीन से जुड़े दस्तावेज आयुक्त के समक्ष पेश कर कार्रवाई पर विरोध जताया गया।
विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि आयुक्त के सामने सभी दस्तावेज रखे गए हैं और उनकी जांच के लिए दोपहर तीन बजे तक का समय दिया गया है। यदि तय समय तक जांच कर उचित निर्णय नहीं लिया गया तो समाज के लोग खुद मौके पर खड़े होकर पुनः निर्माण करवाएंगे। उन्होंने रविवार को हुई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि छुट्टी के दिन इस तरह की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। इस मामले को लेकर स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोनी ने कहा कि यह जमीन हमें राजपरिवार द्वारा दान में मिली है ऐसे में हम यहां कुछ निर्माण करवा रहे थे, बीडीए अधिकारियों ने बिना किसी नोटिस के निर्माण ध्वस्त करने की कार्रवाई किसके आदेश पर हुई, इसकी जानकारी देने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि जमीन वर्षों से समाज के लोगों के पास है और बिना नोटिस दिए की गई कार्रवाई को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। आखिर किसके इशारे पर यह कार्रवाई की गई, इसका जवाब मिलना चाहिए।वहीं बीडीए आयुक्त स्नेहल धायगुड़े ने कहा कि संबंधित जमीन बीडीए की है। प्रतिनिधिमंडल ने अपना पक्ष रखते हुए कुछ दस्तावेज सौंपे हैं, जिनकी जांच करवाई जाएगी। अब पूरे मामले में दस्तावेजों की जांच और बीडीए के आगामी निर्णय पर सबकी नजरें टिकी हैं।
*बाइट जेठानंद व्यास, विधायक पश्चिम।*
*बाइट लक्ष्मीनारायण सोनी, अध्यक्ष स्वर्णकार समाज*
*बाइट स्नेहल धायगुडे, आयुक्त बीडीए।*