बीकानेर: केंद्रीय मंत्री पहुंचे बाजार, खरीदे मिट्टी के दीये,दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश
बीकानेर। दीपावली की रौनक के बीच केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का बाजार में एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। पंचशती सर्किल पर पहुंचे मेघवाल ने किसी बड़े शोरूम के बजाय सीधे कुम्हार की दुकान पर दस्तक दी और मिट्टी के दीपक खरीदे। दीपावली की खरीदारी के बहाने उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का संदेश भी दिया।मेघवाल ने कहा कि दीपावली सिर्फ घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि उन हाथों को भी रोशनी देने का अवसर है, जो दिन-रात मेहनत कर मिट्टी के दीये और दूसरे पारंपरिक उत्पाद तैयार करते हैं। यदि हम स्थानीय कारीगरों और छोटे दुकानदारों से खरीदारी करेंगे तो उनकी आजीविका को सहारा मिलेगा और उनके घरों में भी खुशियों का दीप जलेगा।उन्होंने आमजन से अपील की कि इस दीपावली पर स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर छोटे व्यापारियों तथा कारीगरों की खुशियों में भागीदार बनें। मेघवाल ने बाजार से दीपक सहित दीपावली से जुड़ा अन्य सामान भी खरीदा। इस दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने बीकानेरवासियों को पंचदिवसीय दीपोत्सव की शुभकामनाएं भी दीं।
*बाइट अर्जुन राम मेघवाल केन्द्रीय मंत्री।*