बीकानेर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त किए गए करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा गठित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में की गई।पुलिस के अनुसार जिले में दर्ज 15 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त किए गए अवैध मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया। इनमें 37.457 किलोग्राम डोडा पोस्त, 2.115 किलोग्राम गांजा, 2.37 ग्राम एमडी, 116.15 ग्राम स्मैक तथा 12.41 ग्राम एमडीएमए शामिल हैं। पुलिस ने इन मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत 8 करोड़ 70 लाख 21 हजार 815 रुपये बताई है।कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़, पुलिस निरीक्षक सुभाष बिजारणियां सहित ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। बीकानेर पुलिस का उद्देश्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाकर युवाओं को नशे से दूर रखना तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करना है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।