बीकानेर। पूनरासर मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने 16 से 19 सितंबर तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। ऐसे में यदि आप जयपुर-बीकानेर मार्ग पर यात्रा करने वाले हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है।
पदयात्रियों की सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया गया है। बीकानेर से जयपुर जाने वाले वाहन हल्दीराम प्याऊ, डी-मार्ट, सागर और रिडमलसर होते हुए गुसाईसर मार्ग से गुजरेंगे। वहीं जयपुर से आने वाले वाहनों को गुसाईसर, नापासर, रिडमलसर, सागर और डी-मार्ट के रास्ते बीकानेर की ओर भेजा जाएगा।
बसों और भारी वाहनों को म्यूजियम सर्किल, पंचशती सर्किल, शिवबाड़ी और उष्ट्र अनुसंधान केंद्र मार्ग से जयपुर हाईवे पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि पदयात्रियों के मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रहे।
यातायात प्रभारी कानाराम के अनुसार मेले के दौरान डीजे और साउंड सिस्टम लगे वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं हाईवे किनारे टेंट, दुकान और स्टॉल भी निर्धारित दूरी पर ही लगाए जा सकेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।