बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला ब्रह्म सागर बगेची स्थित गणेश जी मंदिर का है, जहां दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार चोर मंदिर में घुसे और वहां रखी नकदी तथा आभूषण चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का फुटेज सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सूचना देने के घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आमजन में असुरक्षा का माहौल बन गया है।स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।