बीकानेर। शहर के सर्वादय बस्ती क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। मोहर्रम की चौकी के पास का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कथित तौर पर एक मकान पर लगातार पत्थर फेंकता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है और दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इससे पहले भी घर पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। हालांकि शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पुरानी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के बाद शुक्रवार को फिर से घर पर पत्थर फेंके गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। आरोप यह भी है कि पत्थरबाजी करने वाला युवक नशे की हालत में था और उसने खुलेआम उत्पात मचाया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो रही है।