बीकानेर। जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। आरएलपी जिला संयोजक दानाराम घिंटाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी पार्क से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिले में पानी और बिजली की समस्याओं, पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं, किसानों से जुड़े मुद्दों तथा कथित नकली बीज और रिश्वत प्रकरण को लेकर रोष जताया। आरएलपी नेताओं ने कहा कि आमजन लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष दानाराम घिंटाला ने कहा कि आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सांसद हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा बहाल करने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन भेजकर अपनी विभिन्न मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।इस दौरान विजयपाल बेनीवाल, विवेक माचरा सहित बड़ी संख्या में आरएलपी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आरएलपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।