बीकानेर। बुधवार देर रात हुई बेमौसम बारिश ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी। शहर की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था का जिम्मा संभालने वाला नगर निगम अपने ही कार्यालय परिसर को जलभराव से नहीं बचा सका। बारिश के बाद निगम कार्यालय के बाहर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे निगम की तैयारियों और दावों पर सवाल खड़े हो गए।
बारिश के चलते शहर के कई मुख्य मार्ग, बस स्टैंड और निचले इलाके पानी से लबालब हो गए। नगर निगम कार्यालय के पास स्थित नाले की समय पर सफाई नहीं होने से जलनिकासी बाधित हो गई और बरसाती पानी सड़कों पर फैल गया। हालात ऐसे बन गए कि राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा।
निगम कार्यालय के बाहर जलभराव की तस्वीरें गुरुवार को पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रहीं। स्थानीय लोगों ने निगम की व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब नगर निगम अपने परिसर के बाहर पानी भरने से नहीं रोक पा रहा है तो शहर के अन्य इलाकों में जलनिकासी की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई और जलभराव रोकने के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ जाती है। बेमौसम हुई इस बारिश ने नगर निगम की तैयारियों को भी पानी-पानी कर दिया और जलनिकासी व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया।