बीकानेर । कोतवाली थाना इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सब्जी मंडी के सामने स्थित श्रीराम मार्केट में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे मार्केट में धुआं भर गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।जानकारी के मुताबिक मार्केट की एक कपड़े की दुकान से पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने पास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले किशनलाल नाहटा की दुकान में लगी, जिसके बाद चार अन्य दुकानों तक लपटें पहुंच गईं। मार्केट के बेसमेंट और तीन मंजिलों में कपड़ों और साड़ियों की दुकानें होने से स्थिति गंभीर बनी रही।घटना के समय ईद के कारण अधिकांश दुकानें बंद थीं, जिससे बाजार में भीड़ कम थी और बड़ा हादसा टल गया। दमकल की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल नुकसान का सही आंकड़ा सामने नहीं आया है।
मौके पर पहुंचीं कोतवाली थाना प्रभारी सविता डाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से पूरे मार्केट को खाली करवाया गया। आग पर नियंत्रण कर लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।घटना के बाद रिहायशी इलाके में संचालित बड़े व्यावसायिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।