बीकानेर। आमतौर पर केंद्रीय मंत्रियों के दौरे मतलब लंबा काफिला, चमचमाती गाड़ियां और सुरक्षा वाहनों की कतार, लेकिन गुरुवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन पर नजारा कुछ अलग ही दिखा। अमेरिका -इजराइल, ईरान युद्ध के बाद उपजे हालातों के बीच प्रधानमंत्री के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के बाद केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बिल्कुल बदले हुए अंदाज में नजर आए।ट्रेन से बीकानेर पहुंचे मेघवाल का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया, लेकिन लोगों की नजरें उस समय ठहर गईं जब मंत्रीजी स्टेशन से बाहर निकलकर सीधे ई-रिक्शा में बैठ गए। न आगे एस्कॉर्ट, न पीछे लंबा काफिला… मंत्री का यह सादगी भरा अंदाज खूब सुर्खियां बटोर रहा है। बताया जा रहा है कि मेघवाल पूरे बीकानेर दौरे में इलेक्ट्रिक वाहनों का ही इस्तेमाल करेंगे। पेट्रोल-डीजल की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए उन्होंने अपने काफिले को भी बेहद छोटा कर दिया।साइकिल से संसद पहुंचने वाले नेताओं में अपनी अलग पहचान रखने वाले अर्जुन मेघवाल पहले भी कई बार सादगी के कारण चर्चा में रह चुके हैं। लेकिन इस बार ई-रिक्शा में उनका सफर शहर में चर्चा का नया विषय बन गया।
रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने मोबाइल निकालकर इस पल को कैमरे में कैद किया।बीकानेर में मंत्रीजी का यह अंदाज दिनभर चर्चा का विषय बना रहा।