बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ी लूट की वारदात सामने आई, जहां हथियारबंद बदमाशों ने बैंक की कैश वैन को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी से भरा कैश बॉक्स लूट लिया। घटना पांचू थाना क्षेत्र के साधुना और सारुडा गांव के बीच हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार बैंक की कैश वैन विभिन्न शाखाओं में नकदी पहुंचाने के लिए निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए चार बदमाशों ने रास्ते में वैन को रुकवा लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया और कुछ ही मिनटों में कैश बॉक्स उठाकर मौके से फरार हो गए।प्रारंभिक सूचना के मुताबिक लूटे गए कैश बॉक्स में 50 लाख रुपये से अधिक की राशि थी। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक रकम का आधिकारिक सत्यापन नहीं किया गया है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई।दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।