बीकानेर: खेत में खून से लथपथ मिला युवक का शव पुलिस कर रही जांच, हत्या की आशंका
बीकानेर। उदयरामसर के पास एक खेत में शनिवार देर रात को अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से आसपास सनसनी फैल गई। मृतक का शव नग्न अवस्था में मिला है। उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोटों के निशान हैं। मृतक की हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस देर रात तक उसकी शिनाख्त में जुटी रही। जानकारी के अनुसार गंगाशहर रोड चांडक पेट्रोल पंप के पीछे उदयरामसर की रोही है, जहां एक खेत में शव पड़ा होने की सूचना शिवशंकर शर्मा ने पुलिस को दी। एएसपी सिटी दीपक शर्मा सहित गंगाशहर पुलिस मौके पर पहुंचे।रोही में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव नग्न हालत में था। उसकी कमर और शरीर के कई हिस्सों पर तेज धारदार हथियार से चोट के निशान हैं।मृतक की देर रात तक शिनाख्त नहीं हो पाई। गंगाशहर पुलिसकर्मियों ने उदयरामसर गांव के आसपास के लोगों से इस बारे में पूछताछ की है। मृतक के शरीर पर कोई भी कपड़ा नहीं होने के चलते पुलिस के हाथ खाली है। मृतक का शव मिट्टी में सना हुआ है जिससे आशंका जताई जा रही है कि यह शव कुछ दिन पुराना है। बताया जा रहा है कि पुलिस को शव की सूचना देने वाला शिवशंकर उदयरामसर की रोही में अपना खेत संभालने गया था। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।