बीकानेर: ट्रेन हादसे की सूचना से मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंचीं राहत-बचाव टीमें
बीकानेर। लालगढ़ रेलवे स्टेशन पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई, जब 19720 ट्रेन के दो कोच क्षतिग्रस्त होने और कुछ यात्रियों के घायल होने की सूचना पर रेलवे की राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, यह वास्तविक रेल हादसा नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित मॉकड्रिल थी।मॉकड्रिल के तहत ट्रेन के दो कोच क्षतिग्रस्त होने और यात्रियों के घायल होने जैसी स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल और अन्य संबंधित टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने का अभ्यास किया। इस दौरान घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित रेल दुर्घटना के समय विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय को परखना था। अभ्यास के माध्यम से यह जांचने का प्रयास किया गया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर संबंधित टीमें कितनी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर सकती हैं।इस दौरान डीआरएम गौरव गोविंद, एडीआरएम राजेंद्र सिंह चौधरी, एसीएम लालचंद कुम्हार, आरपीएफ के सीएमओ सुनील जजड़ा और असिस्टेंट कमांडेंट प्रवीण पूनिया सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।