बीकानेर। नगर निगम चुनाव के नामांकन के दौरान गुरुवार को राजनीतिक माहौल के बीच हल्की-फुल्की सियासी चुहलबाजी भी देखने को मिली। भाजपा नेता महावीर रांका और कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला के बीच हुई मजाकिया बातचीत चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल, भाजपा के वरिष्ठ नेता महावीर रांका ने वार्ड संख्या 75 से अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला के भाई अनिल कल्ला ने वार्ड संख्या 73 से नामांकन भरा।रांका के नामांकन से पहले दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ तो माहौल में राजनीतिक कटाक्ष के साथ हास्य का रंग भी घुल गया।बातचीत के दौरान महेंद्र कल्ला ने महावीर रांका को कहा कि आप जैसे वरिष्ठ नेता को टिकट के लिए इतनी मशक्कत करनी पड़ी कांग्रेस में आ जाते तो टिकट मिल जाता। रांका ने भी तुरंत भाजपा का दुपट्टा हाथ में लेते हुए कहा कि आपको अगर बीजेपी में आना है तो मैं आपको पार्टी ज्वाइन करवा सकता हूं। दोनों नेताओं के इस मजाकिया संवाद पर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।निकाय चुनाव के बीच जहां राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला तेज हो रहा है, वहीं इस तरह के हल्के-फुल्के पल चुनावी माहौल को रोचक भी बना रहे हैं। हालांकि दोनों नेताओं की यह बातचीत पूरी तरह हंसी-मजाक के अंदाज में ही हुई।