बीकानेर शहर के मुक्ताप्रसाद थाना इलाके में एक बार फिर चोरी की घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रामपुरा बस्ती की गली नंबर 18 में अज्ञात चोर ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया।बताया जा रहा है कि घर के मालिक महेंद्र सिंह रात के समय अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे परिवार के सभी लोग गहरी नींद में थे । इसी दौरान एक बदमाश मकान की चारदीवारी पार कर भीतर पहुंचा और घर में रखी अलमारी को खंगाल डाला। आरोपी सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 30 हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गया।घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गई हैं। फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करते और वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, क्योंकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बन रहा है।पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।