बीकानेर। शहर में स्पा सेंटरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने सोमवार को मॉडर्न मार्केट क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस कार्रवाई के दौरान पांच युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने मॉडर्न मार्केट स्थित एक सैलून एंड स्पा सेंटर पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की जांच-पड़ताल की गई तथा उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।