बीकानेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जरी की साड़ियों के एक गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय गोदाम से उठती लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर लोगों ने अग्निशमन विभाग को फोन किया। वहीं आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।घटना की कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में जरी की साड़ियां और अन्य कीमती सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से काफी माल जलकर राख हो गया। जरी का काम अत्यंत महंगा होने के कारण लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकलन किया जा रहा है।
गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।