बीकानेर। भाजपा की संगठनात्मक बैठक के दौरान शुक्रवार को संभाग कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अचानक बैठक स्थल पर पहुंच गया और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और भाजपा पदाधिकारियों, पुलिस तथा युवक के बीच तीखी बहस छिड़ गई।
जानकारी के अनुसार विधायक जेठानंद व्यास ने बेणीसर बारी से उस्ताबारी जाने वाले मार्ग पर कथित अतिक्रमण हटाने के संबंध में नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखा था। इसी के तहत गुरुवार सुबह बीडीए तहसीलदार आकांक्षा गोदारा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और अवैध अतिक्रमण व निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई।कार्रवाई से नाराज राजा आचार्य नामक युवक सीधे भाजपा कार्यालय पहुंच गया, जहां देहात भाजपा की संगठनात्मक बैठक चल रही थी। युवक ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने अधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए जिला कलेक्ट्रेट के सामने आत्मदाह करने तक की चेतावनी दे डाली।
युवक के तेवर और आत्मदाह की धमकी से बैठक स्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मामले को बढ़ता देख भाजपा पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर युवक को समझाने का प्रयास किया और बैठक में व्यवधान नहीं हो, इसके लिए मोर्चा संभाला।
इस दौरान विधायक जेठानंद व्यास ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यदि कहीं अतिक्रमण है तो कानून और नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह किसी भी व्यक्ति का क्यों न हो।
हंगामे की सूचना मिलने पर बीछवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले विवाद, बहस और समझाइश के बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई।