बीकानेर। सदर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई करते हुए जिले में सक्रिय एक बड़े एमडीएमए तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 105.34 ग्राम एमडीएमए के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर न केवल मादक पदार्थ जब्त किया, बल्कि पूछताछ के आधार पर पूरे संगठित नेटवर्क की परतें भी खोल दीं। इस कार्रवाई में अब तक कुल 20 लोगों को नामजद किया गया है, जिन्हें एमडी तस्करी सिंडिकेट से जुड़ा माना जा रहा है।बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, एएसपी अनुष्ठा कालिया तथा सदर थानाधिकारी सुरेंद्र पचार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस ने भीनासर निवासी ताराचंद सारस्वत को 105.34 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 66 हजार 835 रुपये नकद, एक डिजिटल कांटा तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने ताराचंद से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की, जिसमें एक के बाद एक कड़ियां जुड़ती चली गईं।
जांच के दौरान सामने आया कि यह कोई अकेला तस्कर नहीं, बल्कि जिले और आसपास के क्षेत्रों में फैला एक संगठित ड्रग्स सिंडिकेट है। पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल 20 लोगों को नामजद किया है। वहीं नेटवर्क को मादक पदार्थ की सप्लाई देने वाले नागौर और जोधपुर के दो प्रमुख सप्लायरों को भी राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बीकानेर जिले के इतिहास में एनडीपीएस एक्ट के तहत यह पहली ऐसी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसमें केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर तस्करी की पूरी श्रृंखला को खंगालते हुए एक साथ 20 लोगों के नेटवर्क का खुलासा किया गया है। पुलिस अब वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।