बीकानेर। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूगल रोड स्थित शोभासर के पास दिनदहाड़े चलती कार पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से खुलेआम गोली चलाई और पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में रामपुरा बस्ती निवासी मन्जूर अली ने बताया कि 19 जुलाई की दोपहर वह अपने साथियों के साथ स्विफ्ट कार में पुगल रोड से गुजर रहा था। कार उसका साथी सुल्तान चला रहा था। इसी दौरान आगे चल रही एक कैंपर गाड़ी में सवार लोगों ने अचानक उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।परिवादी का आरोप है कि कैंपर में सवार बुधराम बिश्नोई और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने दोनाली बंदूक से गोली चलाई। गोली सीधे उनकी ओर दागी गई, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। उनका कहना है कि यदि थोड़ी भी चूक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आरोप है कि फायरिंग केवल हमला करने के लिए ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से भी की गई। पीड़ित पक्ष ने दावा किया है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंपा जा सकता है।