बीकानेर। जिले के लूणकरणसर क्षेत्र के गारबदेसर गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में गुरुवार देर रात आंधी और बारिश के दौरान एक कमरे की छत भरभराकर गिर गई। घटना रात करीब 11 बजे हुई। गनीमत रही कि विद्यालय में अवकाश होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार छत गिरने से कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार सुबह विद्यालय कर्मियों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद स्कूल भवन की गुणवत्ता, मरम्मत कार्य और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बरसात के मौसम से पहले विद्यालय भवनों की स्थिति की समुचित समीक्षा नहीं की गई। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उमराव यादव ने बताया कि विद्यालय की छत गिरने की सूचना मिली है। वे जेईएन के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र के अन्य स्कूल भवनों की भी तत्काल जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।