
बीकानेर।
राजस्थान की राजनीति के दिग्गज और वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष किसान केसरी रामेश्वर डूडी का बीती रात निधन हो गया। देर रात लगभग 12:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
*लंबे समय से थे कोमा में*
अगस्त 2023 में ब्रेन हैमरेज के बाद से रामेश्वर डूडी कोमा में थे। पहले उनका इलाज जयपुर और दिल्ली में चला, लेकिन तबियत में सुधार नहीं हुआ। हाल ही में परिजन उन्हें बीकानेर वापस लेकर आए, जहां वैध मघाराम कॉलोनी स्थित निवास पर उनके लिए आईसीयू वार्ड बनाकर इलाज चल रहा था।
*नेताओं का रहा आना-जाना*
इलाज के दौरान कई बड़े नेताओं ने उनकी कुशलक्षेम पूछी थी। हाल ही में कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने मुलाकात की थी।
*आज होगा अंतिम संस्कार*
रामेश्वर डूडी का अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे पूगल फांटे के पास स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा।
*प्रदेशभर में शोक की लहर*
डूडी किसानों की आवाज़ बुलंद करने वाले नेता रहे हैं और उन्हें ‘किसान केसरी’ के नाम से जाना जाता था। उनके निधन की खबर फैलते ही प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जयपुर से रवाना हो गए हैं। रामेश्वर डूडी का इतनी कम उम्र में निधन राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।