बीकानेर। जिले के बज्जू क्षेत्र स्थित रणजीतपुरा गांव में 8वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीन दिनों से जारी धरना और गतिरोध चौथे दिन प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। इसके बाद बज्जू उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई गई।
घटना 21 फरवरी की है, जब छात्रा बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली थी। कुछ ही दूरी पर उसका शव अर्धनग्न अवस्था में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया था।
ताबीज से खुली गुत्थी
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक ताबीज मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपी के गले से ताबीज टूटकर गिर गया था। पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया। शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
मंगलवार दोपहर प्रशासन और परिजनों के बीच वार्ता के बाद सहमति बनी। उपखंड प्रशासन ने लिखित आश्वासन दिया कि पीड़ित प्रतिकर योजना से 5 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने और एक करोड़ रुपये अतिरिक्त मुआवजे का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का आश्वासन दिया गया है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
प्रशासन ने बताया कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रकरण की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच को प्राथमिकता से आगे बढ़ा रही है। वहीं क्षेत्र के लोगों की मांग है कि दोषी को शीघ्र और कठोर दंड मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।