बीकानेर। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत रणजीतपुरा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए नखतबन्ना मंदिर के पास एक स्कॉर्पियो वाहन से अवैध स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में रणजीतपुरा थाना अधिकारी लक्ष्मणसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नखतबन्ना मंदिर के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रुकवाया गया। वाहन में सवार व्यक्तियों से पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन में बैठे ओमप्रकाश के कब्जे से 72.7 ग्राम स्मैक तथा श्यामसुंदर के कब्जे से 14.2 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार बरामद की गई कुल स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 17 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत आगे भी अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।