बीकानेर। मरुधरा की सांस्कृतिक नगरी बीकानेर में सोमवार से होली महोत्सव की औपचारिक शुरुआत हो गई। मरुनायक चौक में थंब पूजन के साथ ही होली के आयोजनों का श्रीगणेश हुआ और अब अगले एक सप्ताह तक शहर रंग, उमंग और परंपराओं की मस्ती में डूबा नजर आएगा। थंब पूजन के साथ ही इस क्षेत्र में होलिका दहन तक सभी मांगलिक कार्य स्थगित कर दिए गए हैं।
मंगलवार से शहर के अन्य चार मोहल्लों में भी थंब पूजन होगा। आज खेळनी सप्तमी पर शाकद्वीपीय समाज होली की शुरुआत करेगा। चौक-मोहल्लों में चंग की थाप पर धमाल गीत गूंजने लगे हैं, वहीं वैष्णव मंदिरों में ठाकुरजी के साथ फाग खेलने की परंपरा आरंभ हो चुकी है।
रम्मत, गेर और डोलची मार की धूम
होली के दौरान शहर के विभिन्न चौकों में पारंपरिक रम्मतों का मंचन होगा। तीन प्रमुख मोहल्लों में रम्मत खेली जाएगी, वहीं होलाष्टक से होली तक बारह गुवाड़ चौक में तीन रम्मतों का आयोजन होगा।
28 फरवरी को हर्ष और व्यास जाति के बीच पारंपरिक डोलची मार खेल होगा। इसी दिन धरणीधर मैदान में चर्चित फागणिया फुटबॉल मैच आयोजित होगा, जिस पर हर किसी की नजर रहेगी। ओझा और छंगाणी जाति के बीच भी डोलची मार की रस्म निभाई जाएगी।
प्रमुख आयोजन इस प्रकार रहेंगे
23 फरवरी – खेळनी सप्तमी
24 फरवरी – विभिन्न मोहल्लों में थंब पूजन, बड़ा गोपाल जी में फागोत्सव, फक्कड़दाता की रम्मत
26 फरवरी – लक्ष्मीनाथ मंदिर में श्याम फाग महोत्सव व फूलों की होली, बिस्सो का चौक में भक्त पूरणमल रम्मत, भट्ठड़ों के चौक में स्वांग मेहरी
27 फरवरी – व्यास जाति की गेर, धरणीधर मंदिर में फागोत्सव, सुनारों की बड़ी गुवाड़ में डांडिया महोत्सव, व्यासों के चौक में जमनादास कल्ला रम्मत
28 फरवरी – हर्ष-व्यास डोलची मार, धरणीधर मैदान में फागणिया फुटबॉल, आचार्यों के चौक में अमरसिंह राठौड़ रम्मत, मरुनायक चौक में हडाऊ मेहरी रम्मत
1 मार्च – बारह गुवाड़ में हडाऊ मेहरी रम्मत, रत्ताणी व्यासों की गेर
2 मार्च – होलिका दहन
3 मार्च – धुलंडी, नत्थूसर गेट पर तणी तोड़
मरु नायक चौक में हुए थंब पूजन के साथ ही अब होलिका दहन तक इस क्षेत्र में मांगलिक कार्य स्थगित रहेंगे। रंग, गुलाल, रम्मत, गेर और चंग-धमाल के साथ बीकानेर एक बार फिर अपनी जीवंत लोक परंपराओं को साकार करने को तैयार है।