बीकानेर की सियासत में इन दिनों आग भड़क चुकी है और इस आग में घी डाल दिया है कांग्रेस नेता गोविंद राम मेघवाल के वायरल वीडियो ने। वीडियो सामने आते ही विरोध के स्वर तेज हुए, लेकिन अब पूर्व मंत्री ने ऐसा पलटवार किया है जिसने पूरे जिले की राजनीति को हिला कर रख दिया है।रविवार को कर्मचारी मैदान में आयोजित शक्ति प्रदर्शन रैली में गोविंद राम मेघवाल ने मंच से सीधे-सीधे हमला बोलते हुए कहा मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है, मुझे खत्म करने की कोशिश हो रही है।लेकिन मैं झुकने वाला नहीं हूं।
सबसे बड़ा सियासी धमाका तब हुआ जब उन्होंने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के बेटे रवि शेखर का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उनके इशारे पर यह वीडियो बनाया गया और उन्हें बदनाम करने के लिए वायरल किया गया। उन्होंने खुली चेतावनी देते हुए कहा कि जो मेरे साथ धोखा करेगा, उससे ब्याज समेत हिसाब करूंगा और अगर न्याय नहीं मिला तो ईंट से ईंट बजा दूंगा।रैली के दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी जासूसी कर निजी ऑडियो-वीडियो बनाए गए हैं और प्रशासन पर दबाव डालकर मामले को दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को चेताते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच हुई तो क ई लोग जेल जाएंगे।
अपने भाषण में उन्होंने अरविंद केजरीवाल और महेश जोशी का उदाहरण देते हुए संकेत दिया कि कानून का शिकंजा किसी पर भी कस सकता है। मेघवाल यही नही रुके उन्होंने रवि शेखर को खुली चुनौती देते हुए कहा वे जिले में कहीं से भी चुनाव लड़ लो, जीतने नहीं दूंगा।रैली के बाद मेघवाल समर्थकों के साथ कर्मचारी मैदान से अंबेडकर सर्किल तक निकले, जहां बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और पूरे इलाके में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।