बीकानेर।जिले के श्रीडूंगरगढ़ इलाके में रविवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां हिस्ट्रीशीटर द्वारा ग्रामीणों को धमकाना उसे ही भारी पड़ गया। सेरूणा थाना क्षेत्र के लिखमीसर गांव में ग्रामीणों ने हिस्ट्रीशीटर रामनिवास जाट का पीछा कर उसे गांव के बाहर पकड़ लिया और सड़क पर ही जमकर पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि कल्याणसर नया निवासी रामनिवास जाट अपनी गाड़ी से लिखमीसर दिखनादा से लौट रहा था। इसी दौरान पुराने विवाद के चलते कुछ युवकों ने उसका पीछा किया, गाड़ी रुकवाई और बीच सड़क पर उसकी धुनाई कर डाली।घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक को घेरकर पीटा जा रहा है, जबकि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने हुए हैं।घटना के दौरान पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वायरल वीडियो में पिटाई का शिकार हो रहे युवक रामनिवास को ही पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।इस पूरे घटनाक्रम ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सरेआम पिटाई, दूसरी तरफ पीड़ित की गिरफ्तारी अब यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। बताया जा रहा है कि रामलाल पर पहले से मारपीट,हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं।फिलहाल सेरूणा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वायरल वीडियो के आधार पर रामनिवास जाट के साथ मारपीट के आरोपियों की पहचान की जा रही है।