बीकानेर। सेना क्षेत्र के पास संदिग्ध गुफा मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मिलिट्री इंटेलिजेंस की सतर्कता के चलते टनलनुमा संरचना का समय रहते खुलासा हुआ। करीब 10 फुट लंबी यह गुफा सैन्य क्षेत्र की परिधि के बेहद नजदीक बनाई गई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए।
जांच के दौरान मौके से हेडफोन, बिजली के तार और अन्य सामान मिला। वहीं गुफा के अंदर 23 मार्च के अखबार में लिपटी चार रोटियां भी बरामद हुईं, जिससे हाल ही में इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। जांच में चौकाने वाला मामला सामने आया है। जयनारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी ने बताया कि अजय मेहरा और विजय मेहरा शार्दूलगंज क्षेत्र में पंचशती सर्किल के पास रहते हैं। दोनों शराब पीने के आदी हैं और पारिवारिक स्थिति भी कमजोर है। दोनों के पिता का निधन हो चुका है और मां मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। स्थायी ठिकाना नहीं होने के कारण अजय ने डूंगर कॉलेज परिसर में करीब 10 फीट लंबा सुरंगनुमा गड्ढा खोद लिया था और वहीं रहने लगा। उसका इरादा धीरे-धीरे इसे अस्थायी कमरे में बदलने का था।इस बीच किसी ने गड्ढे का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद जासूसी की आशंका जताई गई और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मिलिट्री इंटेलिजेंस और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। सैन्य क्षेत्र के होने के कारण पूरे इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है और हर एंगल से जांच जारी है।