बीकानेर । पुरानी गिन्नाणी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या अब गंभीर रूप ले चुकी है। माता जी के मंदिर के पास कुत्तों के झुंड ने आमजन की आवाजाही को खतरनाक बना दिया है। गुरुवार को एक बुजुर्ग व्यक्ति पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।जानकारी के अनुसार बुजुर्ग बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी अचानक एक कुत्ता उन पर टूट पड़ा और उनके पैर पर गहरा काट लिया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में कुत्तों का आतंक रोज बढ़ रहा है। मंदिर के पास बच्चों और राहगीरों को अक्सर निशाना बनाया जाता है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। शाम के समय स्थिति और ज्यादा भयावह हो जाती है।गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही नगर निगम ने इन आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान नहीं चलाया, तो वे विरोध प्रदर्शन करते हुए निगम कार्यालय का घेराव करेंगे।