बीकानेर। सोमवार शाम शहर में अचानक फैली एक अफवाह ने लोगों के बीच ऐसा डर पैदा किया कि पेट्रोल पंपों पर मानो बाढ़ सी आ गई। पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया और हड़ताल शुरू हो गई जैसी चर्चाओं ने देखते ही देखते आमजन को पेनिक मोड में डाल दिया। नतीजा लंबी कतारें, अफरा-तफरी और जल्दबाजी में टैंक फुल करवाने की होड़।दरअसल, कल देर शाम के समय शहर के कुछ पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से बंद हो गए थे। बस यहीं से अफवाहों को हवा मिल गई। सोशल मीडिया और आपसी बातचीत में खबर फैलते ही लोग बिना पुष्टि किए पंपों की ओर दौड़ पड़े। कई जगह हालात ऐसे बन गए जैसे ईंधन की भारी किल्लत हो गई हो।बीकानेर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सचिव अनिल शर्मा ने साफ किया कि शहर में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और न ही किसी तरह की हड़ताल चल रही है। उन्होंने बताया कि कुछ पंप एडवांस भुगतान न होने के कारण अस्थायी रूप से बंद हुए थे, जिससे उनका स्टॉक खत्म हो गया था। हालांकि, रात तक सप्लाई पहुंचने की बात कही गई है और मंगलवार सुबह से सभी पंप सामान्य रूप से चालू हो जाएंगे।
उधर, जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा ने भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बीकानेर में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बेवजह घबराहट में आकर भीड़ न बढ़ाएं।