बीकानेर। भारतीय नववर्ष के अवसर पर प्रस्तावित धर्मयात्रा के निमंत्रण हेतु मंगलवार को पुष्करणा स्टेडियम से एक भव्य वाहन रैली निकाली गई। हजारों की संख्या में दोपहिया वाहनों के साथ निकली इस रैली ने पूरे शहर को केसरियामय कर दिया और धार्मिक एकता, उत्साह व नवचेतना का संदेश दिया।
रैली का नेतृत्व कार्यक्रम संयोजक उमेश व्यास, समिति अध्यक्ष गणेश बोथरा, उपाध्यक्ष राजेश चुरा, महामंत्री भंवर पुरोहित एवं नवीन सिंह ने किया। संत सरजू दास जी सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं युवा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
*प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली, जगह-जगह हुआ स्वागत*
पुष्करणा स्टेडियम से प्रारंभ हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मोहता चौक, कोट गेट, सादुलसिंह सर्किल होते हुए जस्सूसर गेट पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
*जयघोषों से भक्तिमय हुआ वातावरण*
रैली के दौरान जय श्री राम और :हर हर महादेव के जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा। वहीं वेद व्यास द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत “बोली थी भारत की नारी, धर्म पूछकर गोली मारी” ने लोगों में राष्ट्रभक्ति का जोश भर दिया।
*मूलचंद पारीक सर्किल पर हुआ भव्य समापन*
रैली का समापन जस्सूसर गेट के अंदर स्थित मूलचंद पारीक सर्किल पर हुआ, जहां चुरा परिवार द्वारा सभी प्रतिभागियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और रैली में शामिल लोगों का उत्साहवर्धन किया।
*विभिन्न संगठनों की रही सक्रिय भागीदारी*
स्वागत कार्यक्रम में टीम धरणीधर, विप्र फाउंडेशन, शिक्षक संघ एवं डेरुमाता मंदिर प्रन्यास सहित विभिन्न संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
*19 मार्च को निकलेगी धर्मयात्रा*
रैली के माध्यम से शहरवासियों को 19 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली धर्मयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया।