बीकानेर। पुष्करणा ब्राह्मण समाज की राष्ट्रव्यापी संस्था अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद ओलंपिक सावे के दौरान इस बार भी नवाचार करते हुए समाजसेवा की नई पहल कर रही है। परिषद की ओर से सावे के दिन विष्णु वेश में निकलने वाले सबसे पहले दूल्हे को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
परिषद के युवा प्रकोष्ठ की ओर से 9 और 10 फरवरी को बीकानेर के मूंधड़ा चौक में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। साथ ही सरकारी बैंक के सहयोग से जन-धन योजना के तहत जीरो बैलेंस खाते भी खुलवाए जाएंगे।
युवा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट त्रिलोक नारायण पुरोहित ने बताया कि परिषद द्वारा पिछले चार ओलंपिक सावों से लगातार सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। इसी क्रम में इस बार 9 व 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जिसमें सभी प्रकार की जांच नि:शुल्क की जाएगी तथा दवाइयां भी मुफ्त दी जाएंगी। यह सेवा सर्व समाज के लिए रहेगी।
उन्होंने बताया कि 9 व 10 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सरकारी बैंक के सहयोग से जन-धन योजना के तहत जीरो बैलेंस बैंक खाते खोलने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
वहीं 10 फरवरी शाम 5 बजे या उसके बाद विष्णु वेश में निकलने वाले पहले दूल्हे को परिषद की ओर से 5100 रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सावे की सादगी और मितव्ययता की परंपरा को प्रोत्साहित करना है।