बीकानेर। हिंदू नववर्ष की धर्मयात्रा और महाआरती के बीच शहर में राजनीतिक माहौल भी गर्म नजर आया। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।
पत्रकारों से बातचीत में मेघवाल ने राहुल गांधी के तरूण खटीक की हत्या को लेकर किए गए ट्वीट को लेकर सलेक्टिव सोच का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में दलित युवक तरुण खटीक की एक विशेष समुदाय द्वारा पीट-पीटकर हत्या जैसे गंभीर मामले पर राहुल गांधी ने संवेदना व्यक्त नहीं की, जबकि अन्य मुद्दों पर उनकी सक्रियता दिखाई देती है।
मेघवाल ने कहा कि देश में चुनिंदा संवेदना की राजनीति स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एक विशेष वर्ग को ध्यान में रखकर बयान देते हैं, जिससे उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।इस दौरान मेघवाल ने संसद में हुए घटनाक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एलपीजी मुद्दे पर नोटिस दिया था, लेकिन सदन में किसी अन्य विषय पर बोलने लगे। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मंत्री हरदीप पुरी का जवाब सुने बिना सदन से बाहर चले जाने पर उन्होंने सवाल उठाया।
मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने स्वयं चार बजे बोलने की बात कही थी, जिसके अनुसार मंत्री को भी उपस्थित किया गया, लेकिन वे जवाब सुने बिना ही चले गए। उन्होंने इसे संसदीय परंपराओं का अपमान बताया।