बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रानीबाजार स्थित एक कैफे पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा, जबकि कैफे संचालक मौके से फरार हो गया।
कोटगेट थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कुछ कैफे संचालकों द्वारा बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। विशेष रूप से कैफे में केबिन बनाकर संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोकर कैफे में दबिश दी, जहां केबिन बनाकर ग्राहकों को सुविधा दी जा रही थी। इसी दौरान तीन युवकों को मौके से पकड़ा गया। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि कैफे संचालकों को पूर्व में भी केबिन नहीं बनाने को लेकर समझाइश दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कैफे में खुले हॉल में चाय, कॉफी और फास्ट फूड परोसा जा रहा है, तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी