बीकानेर। नगरीय विकास (यूडी) टैक्स की वसूली को लेकर नगर निगम ने शुक्रवार को शहर में सख्त अभियान चलाया। निगम आयुक्त मयंक मनीष के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत निगम की टीम विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बकाया कर वसूली की कार्रवाई करती नजर आई।
उपायुक्त यशपाल आहूजा के नेतृत्व में निगम की टीम ने गंगाशहर रोड, नगर निगम क्षेत्र, कीर्ति स्तंभ, पुरानी गिन्नाणी सहित शहर के कई इलाकों में निरीक्षण कर बकाया यूडी टैक्स को लेकर कार्रवाई की। इस दौरान बकायादारों को नोटिस देने के साथ ही कर जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी साथ रहा। निगम अधिकारियों ने व्यापारियों व भवन मालिकों से समय पर नगरीय कर जमा कराने की अपील की है।
निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में बकाया यूडी टैक्स की वसूली के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जो लोग समय पर टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।