बीकानेर। शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शोभा चौराहे के पास चलती स्कॉर्पियो कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत रही कि कार में सवार लोग समय रहते वाहन से नीचे उतर गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक कार से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही पलों में वाहन ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते स्कॉर्पियो आग का गोला बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कोर्पियो पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। वहीं, कार में सवार लोगों की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।