बीकानेर। जिले के बज्जू के रणजीतपुरा क्षेत्र में आठवीं कक्षा की मासूम छात्रा की हत्या की हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना को लेकर कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत निंदनीय और समाज को झकझोर देने वाली घटना बताया है।
विधायक भाटी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि किसी भी मासूम बेटी के साथ इस प्रकार की जघन्य वारदात किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है।
भाटी ने बताया कि उन्होंने राजस्थान सरकार के गृह मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म से दूरभाष पर वार्ता कर घटना की त्वरित, निष्पक्ष और गहन जांच कराने का आग्रह किया है। साथ ही दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग भी की है।
उन्होंने कहा कि वे लगातार जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं तथा प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाया जाए।
अंत में विधायक भाटी ने दिवंगत बालिका की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की।