बीकानेर। भारतीय क्रिकेट टीम ने कोलंबो में आईसीसी टी-20 सुपर-8 मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त देकर देश का मान बढ़ाया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई, वहीं बीकानेर में भी देशभक्ति के रंग में सराबोर जश्न देखने को मिला।
शहर के कोटगेट पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी एकत्रित हो गए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् के नारों के बीच लोगों ने जमकर आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। बच्चों से लेकर युवाओं तक हर कोई देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के अन्य इलाकों में भी भारत की जीत पर पटाखे फोड़े गए और लोगों ने टीम इंडिया की शानदार जीत को देश की शान बताया। सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां लोग टीम इंडिया की तारीफ करते हुए देश के गौरव की बात कर रहे हैं।
जीत के बाद एक प्रशंसक ने कहा कि टीम इंडिया ने पूरे जोश और जुनून के साथ मैदान पर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को हर मोर्चे पर मात देकर तिरंगे का मान बढ़ाया।