बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चरकड़ा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक ग्रामीण को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चरकड़ा निवासी नारायण सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार बताए जा रहे राजूराम पुत्र जगदीश, निवासी सुरपुरा की भी मौत हो गई। इस दुर्घटना में लालचंद पुत्र भागीरथ गोदारा, निवासी रामसर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पलटी गाड़ी में संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ बताया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का जमावड़ा नोखा जिला अस्पताल में भी हो गया। मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। वहीं चरकड़ा सरपंच सवाई सिंह मगनाराम केड़ली भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।हादसे के बाद आक्रोशित युवाओं की भीड़ भी जमा हो गई, जिन्हें समझाइश कर शांत करवाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस टीम मौके पर तैनात है और पलटी गाड़ी से मिले संदिग्ध मादक पदार्थ की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।