बीकानेर शहर के रानी बाजार क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक मासूम बच्चे की जान चली गई, जबकि उसके माता-पिता और एक रिश्तेदार घायल हो गए।
बस का इंतजार कर रहा था परिवार, अचानक मारी टक्करपुलिस के मुताबिक रानी बाजार वार्ड नंबर 21 निवासी इजहार आलम ने कोटगेट थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना के समय इजहार आलम अपनी पत्नी राहीन, 8 वर्षीय पुत्र अबिर खान, रिश्तेदार अहद खान और नाहिदा के साथ तृथा किसान छात्रावास के पास नागौर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान तेज गति से आए एक वाहन ने लापरवाही से सभी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।हादसे में इजहार आलम, उनकी पत्नी और नाहिदा को चोटें आईं, जबकि अबिर खान गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अबिर की मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।