बीकानेर। जिले में पुलिस प्रशासन को नई दिशा देने के लिए बुधवार को मृदुल कच्छावा ने पुलिस अधीक्षक के पद का कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही पुलिस लाइन में उन्हें सशस्त्र जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान पूरा माहौल अनुशासन और गरिमा से भरा नजर आया।
नव नियुक्त एसपी के स्वागत के लिए पुलिस महकमे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़, बनवारी लाल मीणा, आईपीएस अधिकारी अनुष्ठा कालिया, सीओ अनुज डाल सहित अन्य अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया और जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की।
पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी मृदुल कच्छावा ने मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि बीकानेर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने के लिए पुलिस की सक्रियता और जवाबदेही बढ़ाई जाएगी।
एसपी कच्छावा ने विशेष रूप से बीकानेर से गुजर रहे भारतमाला हाईवे का जिक्र करते हुए कहा कि इस मार्ग पर गश्त को और सख्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल के समय में इस रूट पर शराब तस्करी की गतिविधियों में बढ़ोतरी की आशंका रहती है, जिसे रोकने के लिए पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। इसके लिए नाकाबंदी, नियमित पेट्रोलिंग और खुफिया तंत्र को भी मजबूत किया जाएगा।
सड़क हादसों को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि हाईवे पर दुर्घटनाओं को रोकना पुलिस की अहम जिम्मेदारी है। इसके तहत दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और सख्ती के साथ काम किया जाएगा। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित वातावरण मिल सके।