बीकानेर जिले के छतरगढ़ क्षेत्र से आगजनी की घटना सामने आई है। यहां किसान पूनमचंद गोरा के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने अपने स्तर पर कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण तो पा लिया गया, लेकिन तब तक कई बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना में किसान को लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ित किसान पूनमचंद गोरा ने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है।