बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीछवाल थाना क्षेत्र में स्थित शोभासर चौराहे के पास एक होटल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है।जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बाबा होटल में अवैध मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है। इस सूचना पर टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस डॉग की मदद ली गई, जिसने संदिग्ध स्थान की ओर इशारा किया।जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बड़ी चालाकी से डोडा पोस्त को पुराने जनरेटर के अंदर छिपा रखा था और उस पर ताला भी लगा रखा था। पुलिस ने वहां से दो कट्टों में भरा करीब 20 किलो 625 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांचू थाना क्षेत्र के शोभाना निवासी राजूसिंह पुत्र जालम सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।