बीकानेर। जिले के रणजीतपुरा क्षेत्र में कल देर शाम शिकारियों और ग्रामीणों के बीच जमकर विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार स्कार्पियो गाड़ी में आए कुछ शिकारी जंगली सूअरों का शिकार कर रहे थे। तभी सूचना मिलने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध जताया। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक के साथ हाथापाई भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।सूचना पर रणजीतपुरा पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। वन विभाग रेंजर दीपेन्द्र राव ने बताया कि तीन शिकारियों को हिरासत में लिया गया है और उनके पास मौजूद स्कार्पियो गाड़ी भी जब्त की गई है। पकड़े गए शिकारियों से पूछताछ जारी है।राव ने बताया कि शिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं जीव रक्षा संस्था के मोखराम धारणियां ने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार अवैध शिकार की घटनाएं हो रही हैं, ऐसे में पकड़े गए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।