बीकानेर। जिले के लूणकरणसर कस्बे के कालू रोड स्थित कोर्ट के आगे गोलगप्पे का ठेला लगाने की जगह को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट में कई युवकों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि ठेला लगाने की जगह को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है और आए दिन ठेले वाले आपस में उलझते रहते हैं।इस पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब तेजी से फैल रहा है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करते हुए छह युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।