बीकानेर। केंद्र सरकार के बजट 2026-27 को लेकर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। संभाग भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि बजट 2026-27 की तीन मूल अवधारणाएं स्पष्ट हैं। आर्थिक विकास को सतत बनाए रखना, जन आकांक्षाओं का समावेश और सबका विकास सबका विश्वास की भावना पर आधारित नीति।
राठौड़ ने कहा कि भारत ने आर्थिक प्रगति के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है और 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। बजट 2026-27 को उन्होंने नए भारत और विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए कहा कि इसमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत का स्पष्ट रोड मैप प्रस्तुत किया गया है।उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल नारा नहीं, बल्कि केंद्र सरकार का दृढ़ संकल्प है। यह बजट हर गांव, कस्बे और शहर के सपनों को नई ताकत देता है और विकसित भारत 2047 की दिशा में एक निर्णायक व मजबूत कदम है। बजट में मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और पर्यटन को नया विस्तार मिलेगा, वहीं ग्रामीण विकास,खेल और तीर्थ स्थलों के विकास को भी बढ़ावा दिया गया है।राठौड़ ने बताया कि बजट में युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार, महिलाओं के लिए सशक्तिकरण, किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र की स्थायित्व पर विशेष फोकस किया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेंद्र नायक, श्याम पंचारिया, सुमन छाजेड़, चम्पालाल गैदर सहित भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।