बीकानेर। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पार्किंग में लगे एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के बड़े छत्ते से अचानक झुंड निकलकर लोगों पर टूट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद कर्मचारी और आमजन अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही पलों में पूरा पार्किंग क्षेत्र खाली हो गया। मधुमक्खियां आसपास खड़े लोगों के पीछे पड़ गईं, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई। कई लोगों ने सिर ढंककर और दौड़ लगाकर खुद को बचाने की कोशिश की, जबकि कुछ लोगों को मधुमक्खियों ने डंक भी मार दिए।
बताया जा रहा है कि इस हमले में जिला कलेक्ट्रेट और एसपी ऑफिस के कुछ कर्मचारी भी मधुमक्खियों का शिकार बने। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर एसपी आफिस तक कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई और पार्किंग क्षेत्र में सन्नाटा छा गया।
जानकारी के अनुसार पार्किंग में लगे पेड़ पर मधुमक्खियों का काफी बड़ा छत्ता है। किसी कारण से मधुमक्खियां भड़क गईं और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। घटना के बाद लोग काफी देर तक उस क्षेत्र में जाने से कतराते नजर आए।
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन को भी इस मामले से अवगत कराया गया है, ताकि छत्ते को सुरक्षित तरीके से हटाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटना से बचाव किया जा सके।